कवासी लखमा की गिरफ्तारी पर भूपेश बघेल का तीखा प्रहार: “सच्चाई को दबाने की कोशिश कर रही सरकार”
ज़ोहेब खान………रायपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री कवासी लखमा की गिरफ्तारी को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर करारा हमला बोला है। बघेल ने इसे सत्ताधारी दल की हताशा और राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया।
उन्होंने कहा, “कवासी लखमा जैसे जमीनी नेता को फंसाकर भाजपा यह सोचती है कि जनता की आवाज़ दबा देगी, तो यह उनकी सबसे बड़ी भूल है। लखमा जी ने हमेशा आदिवासियों और गरीबों के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है। यह गिरफ्तारी सच्चाई को दबाने की साजिश है, लेकिन कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है।”
महाकुंभ 2025: श्रद्धालुओं को साइबर ठगी से बचने की चेतावनी, पढ़ें ये ज़रूरी सलाह
बघेल ने सरकार पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की कार्रवाई कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसे उत्पीड़न जारी रहे, तो कांग्रेस इसके खिलाफ जन आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश
लखमा की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि लखमा की गिरफ्तारी भाजपा की अलोकतांत्रिक सोच को उजागर करती है।
भूपेश बघेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष करने की अपील की और कहा, “हम न्याय की लड़ाई कानूनी और राजनीतिक दोनों मोर्चों पर लड़ेंगे।”
इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच टकराव का केंद्र बन सकता है।