मनोरंजन

रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए बिल्कुल तैयार

इस फिल्म में फैंस को रणबीर कपूर का एक बिल्कुल ही अलग रूप देखने को मिलने वाला है। सांवरिया बनकर रणबीर कपूर ने साल 2007 में बॉलीवुड में कदम रखा था।

16 साल के करियर में रणबीर कपूर ने टोटल 20 फिल्मों में काम किया है। रणबीर कपूर को ब्रह्मास्त्र और तू झूठी मैं मक्कार के बाद कमर्शियली सक्सेसफुल एक्टर माना गया। अब उनकी आगामी फिल्म ‘एनिमल’ से फैंस को काफी उम्मीदें हैं और फिल्म की एडवांस बुकिंग को देखते हुए हर किसी को ये लग रहा है कि संदीप रेड्डी वांगा की ये मूवी एक्टर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनेगी।

चलिए ‘एनिमल’ के थिएटर में आने से पहले रणबीर कपूर के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड पर फटाफट एक नजर डालते हैं। देखते हैं कि उनकी कितनी फिल्मों ने 100 करोड़ का बिजनेस किया है।

तू झूठी मैं मक्कार (2023)

रणबीर कपूर की फिल्म ‘तू झूठी, मैं मक्कार’ साल 2023 में रिलीज हुई थी। इस मूवी में पहली बार ब्रह्मास्त्र एक्टर के साथ श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। फिल्म को समीक्षकों की तो मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन कमर्शियली फिल्मी को बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी सफलता मिली थी।

रणबीर कपूर की इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा तेजी से पार किया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लाइफटाइम 149.05 करोड़ का कलेक्शन किया था।

ब्रह्मास्त्र-पार्ट वन (2022)

रणबीर कपूर की ये फिल्म उस समय रिलीज हुई थी, जब कोरोना के बाद फैंस थिएटर में लौटे ही थे। उस दौरान शमशेरा से लेकर लाल सिंह चड्ढा और रक्षाबंधन जैसी फिल्में बैक टू बैक फ्लॉप हुई थी। जिससे हर किसी को ये डर था कि कहीं ‘ब्रह्मास्त्र’ का हाल भी कहीं बॉक्स ऑफिस पर अन्य फिल्मों की तरह ना हो।

हालांकि, रणबीर की किस्मत चमकी और कोरोना के बाद उनकी फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ते हुए टोटल 257.44 करोड़ का बिजनेस किया था।

संजू (2018)

संजू रणबीर कपूर के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई थी। इसमें उन्होंने संजय दत्त का किरदार अदा किया था। फिल्म में उनके ट्रांसफॉर्मेशन से लेकर एक्टिंग तक को दर्शकों ने काफी सराहा था। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर गदर मचाकर रख दिया था और लाइफटाइम 342.53 करोड़ का बिजनेस किया था।

ए दिल है मुश्किल (2016)

रणबीर कपूर-अनुष्का शर्मा और ऐश्वर्या राय स्टारर फिल्म ‘ए दिल है मुश्किल’ में जग्गा जासूस एक्टर ने पहली बार दो खूबसूरत अदाकाराओं के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आए। इस फिल्म को समीक्षकों की तो मिली जुली प्रतिक्रिया मिली, लेकिन कमाई के मामले में फिल्म ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार करते हुए लाइफटाइम 112.48 करोड़ का बिजनेस कर डाला।

ये जवानी है दीवानी (2013)

रणबीर कपूर-दीपिका पादुकोण की केमिस्ट्री ने ब्रेक अप के बाद बॉक्स ऑफिस पर आग लगा दी। इन दोनों की जोड़ी सालों बाद अयान मुखर्जी की फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ में नजर आई। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई। ये जवानी है दीवानी का लाइफटाइम कलेक्शन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 188.57 करोड़ का हुआ।

बर्फी (2012)

रणबीर कपूर के अभिनय को फैंस तो सराहते ही हैं, लेकिन सितारे भी उनकी तारीफों के पुल बांधने से पीछे नहीं हटते हैं। उनकी फिल्म ‘बर्फी’ एक ऐसा ही उदाहरण हैं, जिसमें बिना बोले रणबीर कपूर की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कहर ला दिया। उनकी फिल्म ‘बर्फी’ ने बॉक्स ऑफिस पर टोटल 112.15 करोड़ का बिजनेस किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button