राजनीति

प्रियंका गांधी बालोद जिले के हथौद मैदान से कांकेर लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बीरेश ठाकुर के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया।

जाहिद खान……बालोद। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बालोद जिले के हथौद मैदान से चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांकेर लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बीरेश ठाकुर के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आप देख रहे हैं कि मंचों पर 400 पार की बात कहते हुए संविधान बदलने की बात करते हैं पर यहां पर मोदी मना करते हैं क्या मोदी के बिना इजाजत की इतनी बड़ी बात कह सकते हैं उन्होंने कहा अगर इन बहुमत मिला तो ये संविधान बदल देंगे अधिकारों को छीन लेंगे, क्या ऐसा सरकार चाहिए जो आपके संविधान ही बदल दे। रविवार को हथौद में आयोजित न्याय संकल्प रैली को प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांकेर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी बिरेश ठाकुर के पक्ष में चुनावी सभा लेने आई प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने पूरे भाषण में भाजपा सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि पूरे देश को तोड़ के 400 पार की बात कर देश के संविधान ही बदल डालेगी भाजपा। बेरोजगारी जितनी पिछले 10 सालों में पूरे देश मे बढ़ी है, उतनी तो कभी नही बढ़ी। किसान परेशान हैं, जनता अब त्रस्त हो गई है, मगर भाजपा सिर्फ दिखावा कर रही है। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार में जो योजनाएं शुरू की गई थीं, उन्हें बंद कर दिया गया। अब ये लोग डरा रहे हैं, भूपेश बघेल पर लगातार मामले दर्ज कर डराने का काम कर रहे हैं। मगर अब कांग्रेस डरने वाली नही है, क्योकि जनता हमारे साथ है, कांग्रेस की सरकार बनते ही महिलाओं को सम्मान मिलेगा। नारी गारंटी योजना का लाभ मिलेगा। आप लोगो ने जो मेरी दादी इंदिरा गांधी को प्यार आशीर्वाद दिया, वही अब मुझे भी दीजिए। मैं उन्ही की पोती हूं। कांग्रेस की स्टार प्रचारक और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के आगमन पर मंच पर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान मंच पर छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, पीसीसी चीफ दीपक बैज, पूर्व सीएम एवं राजनांदगांव लोकसभा सीट के कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी चंदन यादव, कोंटा विधायक कवासी लखमा, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, पूर्व पीसीसी चीफ मोहन मरकाम, कांकेर लोकसभा प्रत्याशी बिरेश ठाकुर, विधायक संगीता सिन्हा, अनिला भेड़िया, कुंवर सिंह निषाद, राजेश तिवारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, चंद्रेश हिरवानी, कृष्णा दुबे, कोको पाढ़ी, सुबोध हरितवाल मौजूद रहे।

आरक्षण कम करेगी भाजपा

प्रियंका गांधी वाड्रा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा की देश में नाटक और नौटंकी की राजनीति की जा रही है। नैतिकता की राजनीति नहीं रह गई है। भाजपा के नेता जनता से सिर्फ झूठ बोलते हैं, भाजपा के नेता सत्ता की शान दिखाते हैं, नेता का धर्म सेवा होता है, जनता के सामने सच नहीं बोलने वालों को जनता सबक सिखाती है। एक नेता बहुत अहंकारी हो गए हैं, उनके आसपास के लोग सच्चाई नहीं बताते। देश के प्रधानमंत्री मंच पर तो आते हैं, लेकिन जनता के बीच नहीं जाते, जनता के कष्ट से उन्हें कोई लेना देना नहीं है, महंगाई से उन्हें कोई मतलब नहीं है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा के नेता कहते हैं, अबकी बार 400 पार, हमें पांच साल और दो हम संविधान बदल देंगे, इसका क्या मतलब है..? संविधान हमें सभी अधिकार देता है, आजादी देता है, इस देश के लोगों ने संविधान के लिए खून पसीना बहाया है, ये नेता इसी संविधान को बदलना चाहते हैं, आरक्षण को कम करना चाहते हैं भाजपा के नेता।

बढ़ी बेरोजगारी और महंगाई

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने बड़े-बड़े उद्योगपति दोस्तों को सभी संपत्तियां सौंप दी है। कोयला, बिजली, रेलवे सभी बड़े उद्योगपतियों को सौंप दिए गए हैं। कोई यह नहीं कहता कि उद्योग नहीं होने चाहिए। लेकिन सभी बड़े उद्योगपतियों के खाने के लिए नहीं है, किसान के पास खाने के लिए पैसे नहीं है। शादी करने के लिए उसे कर्ज लेना पड़ता है। जिन उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए गए हैं, उनके घरों की शादियां राजा महाराजाओं के जैसे होती हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि आपकी जो धरती है वह खास धरती है, 5 साल तक यह कांग्रेस की सरकार रही है। भूपेश बघेल ने यहां काम किया। अभी भाजपा की सरकार है। आप समझ गए होंगे कि कांग्रेस ने क्या काम किया..? भूमिहीन लोगों को न्याय मिला, गोबर खरीदी की गई। कांग्रेस शासन में सभी काम हुए। अभी आप भाजपा काल में देख रहे है, क्या हो रहा है.? प्रियंका गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अपनी मेहनत से यहां के लोगों ने कामयाब प्रदेश बनाया है, आपके प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, पांच सालों में प्रदेश के लिए बहुत काम किया गया, कांग्रेस सरकार में किसानों का कर्ज माफ किया गया, धान का समर्थन मूल्य बढ़ा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों का मानदेय बढ़ाया गया, आज भाजपा सरकार में बेरोजगारी, महंगाई बढ़ रही है।

बैज से करती रही गुफ़्तगू

कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी मंच पर ज्यादातर समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से गुफ़्तगू करती रहीं। दोनों के बीच किस बात को लेकर चर्चा होती रही, यह अब चर्चा ही चर्चा का विषय बन गई है। दरअसल कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बीच बहुत ही अच्छी ट्यूनिंग है। बताते हैं कि प्रियंका गांधी दीपक बैज के व्यवहार और कार्यशैली से काफी प्रभावित हैं और समय समय पर वे दीपक बैज की हौसला अफजाई भी करती रहती हैं। सूत्रों के मुताबिक आज आपसी चर्चा के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने पीसीसी चीफ दीपक बैज से पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार और भितरघातियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की स्थिति के बारे में भी पूछा। खैर दोनों के बीच जो भी बातें हुईं हों, मगर यह चर्चा अब खासी चर्चा में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button