देशमुख्य समाचारराजनीति

दिल्ली को बचाने बारिश लेकर आए भगवान, इस पर क्यों AAP और BJP में घमासान

नई दिल्ली.  प्रदूषण की वजह से सांसों के संकट से जूझ रही दिल्ली को कुदरत ने बड़ी राहत दी है। शुक्रवार तड़के हुई बारिश की वजह से स्मॉग छूमंतर हो गया है तो हवा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार दर्ज किया गया है। दिल्ली पर ‘भगवान’ की मेहरबानी को लेकर अब आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में घमासान छिड़ गया है। आप का कहना है कि बारिश बताता है कि भगवान अरविंद केजरीवाल के साथ हैं, वहीं भाजपा ने कहा है कि दिल्ली अब भगवान भरोसे ही है।

बारिश को लेकर राजनीतिक जंग की शुरुआत तब हुई जब आम आदमी पार्टी के नेता मालवीय नगर से विधायक सोमनाथ भारती ने बारिश को लेकर कहा कि भगवान अरविंद केजरीवाल के साथ है। उन्होंने रात को ही एक्स पर लिखा, ‘दिल्ली में बारिश शुरू हो गई है। और यह कृत्रिम बारिश नहीं है, जिसका वादा अरविंद केजरीवाल जी ने किया था और यह देखना अभी बाकी है। लेकिन भगवान ने बारिश भेज दी है। भगवान हमेशा अरविंद जी और आम आदमी पार्टी के साथ रहा है।’

सुबह भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने पलटवार किया और कहा कि भगवान भी केजरीवाल से नाराज हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘जनता, सुप्रीम कोर्ट और अब भगवान भी हुए अरविंद केजरीवाल के खिलाफ? केजरीवाल के कहर वायु- जल- जीवन में जहर घोलने से हुए वे नाराज। शुक्र है कि भगवान ने शुक्रवार को दिल्ली में कराई बारिश।’ वहीं, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से भाजपा के सांसद मनोज तिवारी ने बारिश को छठ मैया का प्रसाद बताते हुए यमुना तट पर पूजा की स्वीकृति देने की मांग की।

दिल्ली भाजपा ने बारिश को लेकर कहा कि दिल्ली अब भगवान भरोसे है। बारिश से राहत मिली है, लेकिन सरकार को काम करना चाहिए। दिल्ली भाजपा के एक्स हैंडल पर लिखा गया, ‘दिल्ली वाकई भगवान भरोसे है। आखिरकार प्रभु कृपा से हुई बारिश ने गैस चैंबर बनी दिल्ली को राहत दिलाई। केजरीवाल और आप नेताओं को अब प्रकृति का यह संकेत समझना चाहिए। दीवाली से ठीक पहले यह बारिश काफी राहत देने वाली है।  केजरीवाल और उनके मंत्रियों को नौटंकी, आरोप, प्रत्यारोप और बयानबाजी छोड़कर दिल्ली को प्रदूषण से मुक्ति दिलाने के लिए अब तो कोई काम करना चाहिए। हर बार बारिश भरोसे मत रहो, कुछ काम करो। और हां अब यह मत कह देना की बारिश केजरीवाल ने कराई है।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button