सोमालिया के तट से हाइजैक हुआ जहाज, 15 भारतीय सदस्य हैं सवार

मोगादिशू. अफ्रीकी देश सोमालिया के तट से एक मालवाहक जहाज को हाइजैक करने की खबर सामने आ रही है। इस जहाज पर चालक दल के 15 भारतीय सदस्य सवार हैं। हाइजैक की सूचना मिलने के बाद से भारतीय नौसेना एक्शन मोड में है। नौसेना ने इस संबंध में अपडेट भी जारी किया है। भारतीय नौसेना हाइजैक किए गए जहाज के आसपास की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है।
भारतीय नेवी को जहाज के हाइजैक होने की सूचना कल शाम मिली थी। इसके मुताबिक, यह जहाज सोमालिया के तट के पास से हाइजैक हुआ है। समाचार एजेंसी एएनआई ने सैन्य अधिकारियों के हवाले से बताया कि जहाज पर लाइबेरिया का झंडा लगा है और इसका नाम जहाज ‘एमवी लीला नॉरफॉक’ है। इस पर चालक दल के 15 भारतीय सदस्य सवार हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, हाइजैक किए गए जहाज की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के लिए भारतीय नौसेना के विमानों को तैनात किया गया है। चालक दल के साथ कम्युनिकेशन सफलतापूर्वक स्थापित कर लिया गया है। इससे जहाज की स्थिति का आकलन करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस चेन्नई स्थिति से निपटने के लिए हाइजैक जहाज की ओर बढ़ रहा है। अपराधियों की पहचान सहित अपहरण से संबंधित विवरण फिलहाल अज्ञात हैं।
बता दें कि पिछले दिनों मालवाहक जहाजों पर समुद्री हमलों में अचानक वृद्धि देखी गई है। इससे पहले अरब सागर में पोरबंदर तट पर 23 दिसंबर को एक व्यापारिक जहाज पर ड्रोन हमला हुआ था। जहाज के चालक दल में 21 भारतीय शामिल थे। यह घटना उस वक्त हुई थी जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इजरायल-हमास संघर्ष के बीच लाल सागर में जहाजों पर हमले तेज कर दिए।
यही वजह है कि भारतीय नौसेना ने हाल में व्यापारिक जहाजों पर हमलों की घटनाओं के मद्देनजर अरब सागर और अदन की खाड़ी में अपने निगरानी तंत्र को बढ़ा दिया है। नौसेना ने अग्रिम पंक्ति के विध्वंसक और युद्धपोत तैनात करके निगरानी के स्तर को बढ़ाया है। वाणिज्यिक कच्चे तेल का टैंकर ‘एमवी साईं बाबा’ भारत की ओर जा रहा था और उसी दिन दक्षिणी लाल सागर में एक संदिग्ध ड्रोन हमले का शिकार हो गया।
नौसेना ने कहा, ”पिछले कुछ हफ्तों में लाल सागर, अदन की खाड़ी और मध्य/उत्तरी अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय शिपिंग लेन से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों समुद्री सुरक्षा से संबंधित घटनाएं बढ़ी हैं।” उसने भारतीय तट से लगभग 700 समुद्री मील दूर जहाज एमवी रुएन पर हाल में हुई समुद्री डकैती की घटना का भी जिक्र किया गया है। भारतीय नौसेना ने बुधवार को कहा कि उसके जहाज और विमान निगरानी बढ़ाने और समुद्री सुरक्षा अभियान चलाने के लिए ‘मिशन अवस्था में तैनात’ रहेंगे।