ज़ोहेब खान……..रायपुर। रायपुर नगर निगम की भाजपा सरकार पर आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। आप नेता मिथलेश साहू ने कहा कि निगम में इस समय हालात “अंधेर नगरी–चौपट राजा” जैसे हो गए हैं, जहां सफाई व्यवस्था के नाम पर चहेते ठेकेदारों को खुलेआम फायदा पहुंचाया जा रहा है और नियम-कायदों को ताक पर रखा गया है।
मिथलेश साहू ने आरोप लगाया कि एक ही ठेकेदार को तीन-तीन वार्डों की सफाई का जिम्मा सौंप दिया गया है, जो सीधे तौर पर एकाधिकार और कमीशनखोरी को बढ़ावा देने वाला फैसला है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या रायपुर शहर में अन्य ठेकेदार या बेरोजगार नहीं हैं? व्यवहारिक रूप से एक ठेकेदार के लिए इतने बड़े क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सफाई कार्य कर पाना असंभव है, जिसका खामियाजा शहर की जनता को गंदगी के रूप में भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 6 महीनों में बिना किसी नए वर्क ऑर्डर के दो बार 3-3 माह की अवधि बढ़ाई गई, जो गंभीर वित्तीय अनियमितता की ओर इशारा करता है। साहू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर नई निविदा (टेंडर) प्रक्रिया शुरू नहीं कर रही है, ताकि पुराने ठेकेदारों का कब्जा बना रहे और करोड़ों रुपये का खेल चलता रहे।
आप नेता ने कहा कि शहर की जनता गंदगी से त्रस्त है, लेकिन निगम की भाजपा सरकार ठेकेदारों की जेब भरने में व्यस्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तत्काल प्रभाव से पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं की गई और “एक ठेकेदार–एक वार्ड” के नियम को लागू कर इस बंदरबांट पर रोक नहीं लगाई गई, तो आम आदमी पार्टी रायपुर की जनता के साथ मिलकर नगर निगम का घेराव करेगी और इस कथित भ्रष्टाचार को सड़क से सदन तक उजागर करेगी।