ज़ोहेब खान…….रायपुर।मुस्लिम समाज में आपसी सुलह, सामाजिक शांति और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में शहर सीरत-उन-नबी कमेटी ने एक सराहनीय पहल करते हुए “सामाजिक काउंसलिंग सेंटर” की औपचारिक शुरुआत की है। इस सेंटर का उद्देश्य समाज में बढ़ते विवादों को संवाद, समझ और निष्पक्ष काउंसलिंग के माध्यम से सुलझाना है, ताकि रिश्तों में मधुरता बनी रहे और समाज में अमन-चैन कायम हो।
वर्तमान समय में छोटी-छोटी बातों पर पारिवारिक रिश्तों में तनाव, कारोबारी विवाद, गलतफहमियाँ और संवाद की कमी जैसी समस्याएँ आम होती जा रही हैं। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शहर सीरत-उन-नबी कमेटी ने सामाजिक काउंसलिंग सेंटर की स्थापना की, जहाँ सुलह, मार्गदर्शन और न्यायपूर्ण समाधान एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस काउंसलिंग सेंटर में समाज के प्रतिष्ठित, अनुभवी और निष्पक्ष व्यक्तियों का एक मजबूत पैनल गठित किया गया है। पैनल में पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और धार्मिक विद्वान शामिल हैं, जो बिना किसी पक्षपात के समस्याओं का समाधान करेंगे।
काउंसलिंग पैनल में शामिल सदस्य—
शरीफ मोहम्मद (पूर्व अतिरिक्त कलेक्टर),
अब्दुल शफीक खान (सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक),
फैसल रिज़वी (वरिष्ठ अधिवक्ता),
सैयद ज़ाकिर अली (वरिष्ठ अधिवक्ता),
अब्दुल रफीक खान (पूर्व अधिकारी, सीएसईबी),
एम.के. घौरी (पूर्व अधिकारी, सीएसईबी),
निकहत खान, अय्यूब परीक, बाबा नवाब (सामाजिक कार्यकर्ता),
कारी इमरान (इमाम, बैरन बाजार मस्जिद),
नाज़मा परवीन (आलिमा),
एडवोकेट शमीम रहमान (महिला आयोग से जुड़ी सामाजिक कार्यकर्ता)।
यह सामाजिक काउंसलिंग सेंटर राजा तालाब क्षेत्र में बी.पी. पुजारी स्कूल के पीछे स्थापित किया गया है। इसके साथ ही शहर सीरत-उन-नबी कमेटी के कार्यालय बैजनाथपारा, मदरसा चौक में भी आम नागरिक अपनी समस्याओं के साथ संपर्क कर सकते हैं। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।
कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद सोहेल सेठी ने बताया कि यह पहल समाज में बढ़ते विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संगठनात्मक व्यवस्था की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज निभा रहे हैं।
उद्घाटन एवं फातिहा खानी के अवसर पर समाज और कमेटी के अनेक वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से एजाज़ खान, फिरोज़ खान, शेख यूनुस, मोहम्मद हसन, अब्दुल नादिर खान, शेख शकील, रिज़वान लतीफ़, सबिहुद्दीन अहमद, नासिर खान, हाशिम खान, मोहम्मद जाफर, अयान सेठी, आतिफ़ सेठी सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
यह जानकारी शहर सीरत-उन-नबी कमेटी के मीडिया प्रभारी शेख शकील एवं अब्दुल नादिर खान द्वारा संयुक्त रूप से दी गई।
कमेटी का संकल्प स्पष्ट है—
“झगड़े कम हों, आपसी समझ बढ़े और समाज में अमन, सौहार्द व भाईचारा कायम हो।”
Back to top button