
क्राइम छत्तीसगढ़ न्यूज़………मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार आज शनिवार, 31 जनवरी 2026 को महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। शपथ ग्रहण समारोह शाम 5 बजे मुंबई के लोक भवन में आयोजित किया जाएगा।
यह राजनीतिक परिवर्तन उनके पति, दिग्गज नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के आकस्मिक निधन के बाद हो रहा है। अजीत पवार का बुधवार 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में दुखद निधन हो गया था, जिससे राज्य की राजनीति में शोक और शून्य की स्थिति बन गई थी।
सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने का निर्णय एनसीपी और सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठकों के बाद लिया गया। शुक्रवार को एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल, प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर नेतृत्व परिवर्तन पर चर्चा की। छगन भुजबल ने बताया कि पार्टी और जनप्रतिनिधियों में सुनेत्रा पवार के नाम पर सर्वसम्मति बनी है।
औपचारिक प्रक्रिया के तहत आज दोपहर 2 बजे एनसीपी के 40 विधायक मुंबई स्थित विधान भवन में बैठक कर सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता चुनेंगे। इसके बाद वे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एनसीपी के फैसले का समर्थन करते हुए कहा,
“यह निर्णय एनसीपी का है। पार्टी जो भी फैसला लेगी, हम उसके साथ खड़े हैं। इस कठिन समय में हम अजीत पवार के परिवार और एनसीपी के साथ हैं।”
62 वर्षीय सुनेत्रा पवार वर्तमान में राज्यसभा की सांसद हैं। चूंकि वे फिलहाल महाराष्ट्र विधानसभा की सदस्य नहीं हैं, इसलिए बारामती विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है, जो अजीत पवार के निधन के बाद रिक्त हुई है। वहीं, उनके बड़े पुत्र पार्थ पवार को राज्यसभा भेजे जाने की अटकलें भी राजनीतिक गलियारों में तेज हैं।
अब तक सामाजिक, पर्यावरण और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रही सुनेत्रा पवार ने 2024 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। उपमुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें आबकारी और खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। वहीं, बजट सत्र नजदीक होने के कारण वित्त मंत्रालय फिलहाल मुख्यमंत्री के पास ही रहने की संभावना है।
डॉ. अंबेडकर पर जातिसूचक टिप्पणी: भिवंडी में बवाल, आरोपी पर SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज



