Zoheb khan……रायपुर। रायपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। करीब छह महीने से फरार चल रहा कुख्यात सूदखोर और वसूली गैंग का सरगना वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। रायपुर पुलिस की विशेष टीम ने उसे ग्वालियर (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार किया है।
आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा और पुरानी बस्ती में मारपीट, रंगदारी, अवैध वसूली, अवैध संपत्ति निर्माण और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं।
‘विस्टों फाइनेंस’ के नाम पर करता था अवैध वसूली
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी वीरेंद्र तोमर ने ‘विस्टों फाइनेंस’ नाम से एक ग्रुप बनाकर लोगों से करोड़ों रुपये की अवैध वसूली की थी। उसके घर की तलाशी के दौरान पुलिस को करोड़ों रुपये के लेन-देन का रिकॉर्ड और अवैध हथियार बरामद हुए थे।
तकनीक से बचने के लिए बदलता रहा लोकेशन
फरारी के दौरान आरोपी ने खुद को पकड़ से दूर रखने के लिए किसी भी तरह का मोबाइल या डिजिटल डिवाइस इस्तेमाल नहीं किया और लगातार अपना लोकेशन बदलता रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में रायपुर पुलिस की विशेष टीमों को राजस्थान, हरियाणा और ग्वालियर भेजा गया था। लंबी रेकी और खुफिया प्रयासों के बाद टीम ने ग्वालियर में आरोपी को धर दबोचा।
भाई की तलाश जारी
गौरतलब है कि इस मामले में आरोपी के भाई रोहित सिंह तोमर भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। दोनों भाइयों पर रायपुर पुलिस ने नकद इनाम की घोषणा भी की थी।
गिरफ्तार आरोपी
नाम: वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी
पिता: स्व. ओमप्रकाश तोमर
पता: साईं विला, भाठागांव, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक शील आदित्य सिंह (थाना प्रभारी पुरानी बस्ती), निरीक्षक परेश कुमार पांडेय (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) सहित सउनि, उनि और आरक्षक स्तर के कई अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायपुर पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है और अवैध संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया भी प्रगति पर है।
Back to top button