क्राइम

पानी के गिलास में छिपा 3.05 किलो सोना! CSMI एयरपोर्ट पर DRI की बड़ी कार्रवाई, ₹3.89 करोड़ की तस्करी नाकाम

क्राइम छत्तीसगढ़ न्यूज़…….मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) मुंबई ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMI) पर सोना तस्करी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 3.05 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹3.89 करोड़ आंकी गई है।

डीआरआई अधिकारियों को पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी कि बहरीन से मुंबई आ रहे एक यात्री के जरिए मोम के रूप में सोने की तस्करी की जा रही है। इस सूचना के आधार पर बुधवार को एक भारतीय नागरिक को हवाई अड्डे पर रोका गया और उसके सामान की गहन तलाशी ली गई।

जांच के दौरान अधिकारियों ने पानी के गिलास के भीतर बेहद चतुराई से छिपाए गए 12 कैप्सूल बरामद किए, जिनमें मोम के रूप में सोने की धूल भरी हुई थी। कैप्सूल से निकाले गए सोने का कुल शुद्ध वजन 3.05 किलोग्राम पाया गया। परीक्षण में यह सोना 24 कैरेट शुद्धता का निकला।

डीआरआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए सोने को सीमा शुल्क अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सीज कर लिया गया है और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि डीआरआई, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) के अधीन भारत की प्रमुख तस्करी-रोधी एजेंसी है, जो देश के आर्थिक हितों की रक्षा के लिए लगातार खुफिया-आधारित अभियान चला रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button