
नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार पर जल बोर्ड में घोटाले का आरोप लगा दिया है। भाजपा का दावा है कि 2022 में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट अपग्रेडेशन के काम में अनुमानित लागत से अधिक का ठेका देकर घोटाला किया। भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को भ्रष्टाचार का पर्याय है और लूट-खसूट का कोई एक्सपर्ट बताया। भाजपा ने कई दावे करते हुए केजरीवाल सरकार से सवाल किए हैं। भाजपा ने भ्रष्टाचार का यह दावा ऐसे समय पर किया है जब आम आदमी पार्टी सरकार कथित शराब घोटाले को लेकर मुश्किलों का सामना कर रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘यह घोटाला जो उजागर हुआ है, दिल्ली जल बोर्ड स्कैम। यह घोटाला है क्या- 10 एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) को दो कैटिगरी में बांटा गया। पहली कैटिगरी थी जिसमें सिर्फ अपग्रेडेशन होना था और दूसरी में अपग्रेडेशन के साथ ऑगमेनटेशन (कैपिसिटी बढ़ाना) भी होना था। 2022 में दिल्ली जल बोर्ड ने इसके 1938 करोड़ रुपए का ठेका दिया, जबकि अनुमानित लागत 1500 करोड़ रुपए थी, जो और कम होनी चाहिए थी। मतलब खुद लगाए गए अनुमान में 30 फीसदी वृद्धि करके ठेके दिए गए। अरविंद केजरीवाल जी आपने तो भ्रष्टाचार के सबसे बड़े कलाकार बनके एक और घोटाला कर दिया। यदि कोई राजनेता है जो भ्रष्टाचार का एक्सपर्ट है वह अरविंद केजरीवाल हैं।’



