छत्तीसगढ़

अक्टूबर में अब तक 109% ज्यादा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और बिजली गिरने जैसी गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। हालांकि गुरुवार के लिए कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

बीते 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिसमें सबसे अधिक वर्षा 40 मिमी पेंड्रा रोड में हुई। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। सरगुजा में तापमान घटने के साथ सुबह-शाम धुंध छाने लगी है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 10 अक्टूबर के बाद बारिश पर ब्रेक लग सकता है। इस बार अक्टूबर में अब तक सामान्य से 109% अधिक वर्षा दर्ज की गई है। आमतौर पर इस अवधि में औसतन 28.3 मिमी बारिश होती है, जबकि इस बार 59.1 मिमी से ज्यादा वर्षा हो चुकी है।

फिलहाल देश के कई हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। आम तौर पर छत्तीसगढ़ में मानसून 5 अक्टूबर तक लौट जाता है, लेकिन इस बार इसकी वापसी में देरी हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में मानसून लगभग 15 अक्टूबर के बाद लौटेगा।

राज्य में अब तक औसतन 1167.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बेमेतरा में सबसे कम 524.5 मिमी और बलरामपुर में सबसे ज्यादा 1520.9 मिमी वर्षा हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसमी बदलाव के साथ अक्टूबर के मध्य से शीतलहर की शुरुआत हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button