क्राइम

“मौत का राज बताने का झांसा, तांत्रिक ने डॉक्टर से ठगे ₹40 लाख! XUV भी हड़पी, FIR के बाद फरार”

तंत्र-मंत्र के नाम पर बड़ा खेल! डॉक्टर से 40 लाख और लग्जरी कार ठगकर फरार हुआ कथित तांत्रिक

क्राइम छत्तीसगढ़ न्यूज़……..रायपुर: भाई की संदिग्ध मौत का सच जानने की बेचैनी का फायदा उठाकर एक कथित तांत्रिक ने डॉक्टर से करीब 40 लाख रुपये और एक XUV वाहन ठग लिया। मामला सामने आने के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद निवासी डॉक्टर त्रृषभ चौबे के भाई की इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। भाई की मौत के पीछे की सच्चाई जानने के लिए उन्होंने रायपुर के कथित तांत्रिक नरेंद्र नयन शास्त्री से संपर्क किया। आरोप है कि आरोपी ने विशेष पूजा, तंत्र-मंत्र और गुप्त साधना के जरिए मौत का रहस्य उजागर करने का दावा करते हुए डॉक्टर से किस्तों में करीब 40 लाख रुपये ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, उसने एक XUV वाहन भी अपने कब्जे में ले लिया।

जब लंबे समय तक न तो कोई कथित तांत्रिक क्रिया सफल हुई और न ही कोई जानकारी मिली, तब पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस अब आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आरोपी ने तंत्र-मंत्र और चमत्कार का झांसा देकर अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार तो नहीं बनाया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button