क्राइम

RTO चालान के फर्जी SMS से 4.52 लाख की साइबर ठगी का पर्दाफाश ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ में राजस्थान से दो शातिर साइबर ठग गिरफ्तार

Winmate APK से एंड्रॉइड फोन हैक कर खाते खाली कर रहे थे आरोपी Swiggy-Instamart से खरीदारी कर रकम छिपाने का अनोखा तरीका उजागर

ज़ोहेब खान………रायपुर | पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत साइबर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंड्रॉइड यूजर्स को निशाना बनाकर फर्जी RTO ई-चालान SMS के जरिए लाखों की ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है।

 

प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह ने थाना विधानसभा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर RTOechallan के नाम से आए SMS में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और उनके बैंक खाते से ₹4.52 लाख की अवैध निकासी कर ली गई। मामले में अपराध क्रमांक 08/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) एवं आईटी एक्ट की धारा 66(D) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर रेंज साइबर थाना द्वारा विवेचना शुरू की गई।

 

जांच के दौरान गूगल, बैंकिंग सिस्टम, यूट्यूब, मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों और टेलीग्राम एप से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर साइबर ठगी के इस संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ।

 

जांच में सामने आया कि आरोपी YouTube व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर Task Complete, Instant Bonus, Referral Bonus, गेम खेलकर कमाई जैसे झांसे देकर Winmate, Wingo जैसे फर्जी APK ऐप्स का प्रचार करते थे। ये ऐप्स न तो प्ले-स्टोर पर होते हैं और न ही ऐप-स्टोर पर। ऐप इंस्टॉल होते ही उपयोगकर्ता को फर्जी बोनस दिखाया जाता है और SMS Task के नाम पर उसके मोबाइल में हैकिंग लिंक वाले SMS भेजे जाते हैं। इन लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल पूरी तरह हैक हो जाता है और बैंक खातों व ई-वॉलेट से रकम निकाल ली जाती है।

 

साइबर ठगी की रकम को छिपाने के लिए Swiggy व Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से सामान खरीदकर उसकी डिलीवरी अलग-अलग राज्यों में कराते थे, जिससे पैसों का डिजिटल ट्रेल कमजोर हो जाए।

 

इस प्रकरण में शामिल मुख्य आरोपी पृथ्वी बिश्नोई और नरसिंह सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खाते जप्त किए गए हैं। इससे पूर्व भी इसी गिरोह से जुड़े WinGo ऐप के जरिए साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को महाराष्ट्र, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है।

साइबर पुलिस की अपील – सतर्क रहें

1️⃣ किसी भी ऐप को केवल Play Store / App Store से ही डाउनलोड करें।
2️⃣ गारंटीड मुनाफा, रोज़ाना कमाई, आसान रिटर्न जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें।
3️⃣ बिना आवश्यकता SMS, कॉन्टैक्ट, कॉल लॉग या बैंक अनुमति मांगने वाले ऐप्स इंस्टॉल न करें।
4️⃣ अज्ञात लिंक, APK फाइल या कॉल के निर्देशों का पालन न करें।
5️⃣ साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या
👉 www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

1. पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल
पिता – हीराराम | उम्र – 20 वर्ष
पता – ग्राम डोलीकला, थाना कल्याणपुर, जिला बाड़मेर, राजस्थान

2. नरसिंह सिंह
पिता – नैना राम | उम्र – 24 वर्ष
पता – भोपालगढ़, जिला जोधपुर, राजस्थान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button