ज़ोहेब खान……..रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी में मंगलवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती के गले में रस्सी का फंदा लगा हुआ था और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि WRS क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आने से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
Back to top button