Crime Chhattisgarh News………कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 11वीं क्लास में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र आरव मिश्रा ने छठ पूजा के दिन फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। चौंकाने वाली बात यह है कि उसने सुसाइड नोट में लिखा — “मुझ पर आत्माएं हावी हैं, वे मुझसे या तो किसी की हत्या करने या खुद मरने को कहती हैं।”
मृतक छात्र जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के भतीजे आलोक मिश्रा का बेटा था। यह घटना पुराने कानपुर के कोहना थाना क्षेत्र की है।
परिवार के मुताबिक, आरव कुछ दिनों से बहुत बदल गया था। वह गुमसुम रहता था और बार-बार “अजीब सपने” देखने की बात कहता था। दिवाली से पहले उसने अपनी बहन को बताया था कि वह सपनों में कुछ अनजान चेहरों को देखता है जो उसे भयानक आदेश देते हैं — “मर्डर करो या सुसाइड कर लो।”
लेकिन परिवार ने उसकी बातों को हल्के में लिया। बीते दिनों जब माता-पिता छठ पूजा के लिए भागलपुर गए और बहन कॉलेज चली गई, तो आरव घर में दादी के साथ था। शाम को जब दादी ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो आरव पंखे से लटका मिला।
पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला जिसमें उसने लिखा कि उसे आत्माओं से खतरा है, वे उसके ज़रिए परिवार को नुकसान पहुंचाना चाहती हैं। जांच में सामने आया कि आरव गूगल पर “भूत-प्रेत और सुसाइड” से जुड़ी जानकारी बार-बार सर्च कर रहा था।
कोहना थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का है।
छठ पूजा के दिन हुई इस घटना से पूरा इलाका सदमे में है। वहीं BJP के कई वरिष्ठ नेता परिवार से मिलने पहुंचे और संवेदना व्यक्त की।
Back to top button