राजनीति

वोट चोरी और मतदाता सूची से नाम काटने के आरोपों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, वीर सावरकर वार्ड में निकाली जागरूकता पदयात्रा

जनचौपाल लगाकर कांग्रेस ने जनता को किया जागरूक, विकास उपाध्याय बोले—मताधिकार पर हमला लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश

नरेंद्र बंजारे………रायपुर। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने राजधानी रायपुर में जनजागरण अभियान तेज कर दिया है। मतदाता सूची से पात्र नागरिकों के नाम काटे जाने और कथित वोट चोरी के विरोध में नेताजी कन्हैयालाल बाजारी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में वीर सावरकर वार्ड में जनचौपाल एवं जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वार्ड के विभिन्न इलाकों एवं बाजारों में पहुंचकर आम नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया।

 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान तथा रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, ब्लॉक सह पर्यवेक्षक संजय अवस्थी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशनलाल बाजारी और मंडल अध्यक्ष नंदन झा ने नेतृत्व किया।

जनसंपर्क के दौरान कांग्रेसजनों ने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की आशंकाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कार्यकर्ताओं ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी मतदाता सूची में नाम की जांच करें और किसी भी तरह की त्रुटि या नाम कटने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।

इस अवसर पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र की मूल भावना और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा एक बड़ा सवाल बन गई है। कांग्रेस का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकते हैं, जिससे नागरिक अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और इस ताकत को कमजोर करने वाले किसी भी प्रयास का कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।

उपाध्याय ने छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान नाम हटाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के बीच जाकर इन मुद्दों पर जागरूकता फैला रही है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशनलाल बाजारी ने कहा कि नेताजी कन्हैयालाल बाजारी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सभी मंडलों और वार्डों में जनचौपाल एवं जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक पहुंचकर उसे संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, ब्लॉक संयोजक संजय अवस्थी, ब्लॉक अध्यक्ष किशन बाजारी, मंडल अध्यक्ष नंदन झा, वार्ड अध्यक्ष शंकर साहू, सुनील तिवारी, जगदीश हरिया, यादव जी, अशोक शर्मा, विनोद रात्रे, अभिषेक यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने संकल्प लिया कि लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए जनजागरण अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button