क्राइम
सोने की खदान का सपना दिखाकर 1.90 करोड़ की ठगी, वियतनाम भागने से पहले मुंबई एयरपोर्ट पर रायपुर पुलिस ने दबोचा

ज़ोहेब खान…….रायपुर। तंजानिया में सोने की खदान में पार्टनरशिप दिलाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को रायपुर पुलिस ने देश छोड़ने से ठीक पहले गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वियतनाम फरार होने की तैयारी में था, लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पर लुक आउट सर्कुलर (LOC) के चलते उसके मंसूबों पर पानी फिर गया।
*एक क्लिक, एक टास्क और लाखों गायब! वर्क-फ्रॉम-होम फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़, 13 राज्यों में केस*
*ऑपरेशन साइबर शील्ड में रायपुर रेंज पुलिस का बड़ा प्रहार, 13 राज्यों में वांछित दो साइबर ठग राजस्थान से गिरफ्तार*
एक क्लिक, एक टास्क और लाखों गायब! वर्क-फ्रॉम-होम फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़, 13 राज्यों में केस
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 21 जनवरी 2026 को समर्थ बरडिया ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी यश राजेश शाह ने खुद को तंजानिया में सोने की खदान का मालिक बताते हुए खनन व्यवसाय में पार्टनरशिप का लालच दिया।
आरोपी ने प्रार्थी समर्थ बरडिया और उसके साथी मुकुल चोपड़ा को भारी मुनाफे का सपना दिखाया। फर्जी तथ्यों के आधार पर पार्टनरशिप एग्रीमेंट तैयार कराया गया और दोनों से कुल 1 करोड़ 90 लाख रुपए की रकम ऐंठ ली गई।

जांच में बड़ा खुलासा
पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी के पास तंजानिया में किसी भी प्रकार का खनन अधिकार नहीं था। एग्रीमेंट में जिन खदानों का जिक्र किया गया था, उनका संचालन करने का भी उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं था। पूरा सौदा फर्जी और ठगी पर आधारित था।
वियतनाम भागने की साजिश नाकाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी वियतनाम भागने की फिराक में है।
मुंबई एयरपोर्ट पर दस्तावेज जांच के दौरान LOC अलर्ट मिलने पर एयरपोर्ट अधिकारियों ने आरोपी को रोक लिया। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आईफोन और पासपोर्ट जब्त
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है। उसके कब्जे से एक आईफोन और पासपोर्ट भी जब्त किया गया है।
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाना में अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 423, 467, 468 और 120बी के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।



