क्राइम
BSP स्क्रैप चोरी का मास्टरमाइंड गैंग बेनकाब: फ्लू डस्ट की आड़ में करोड़ों की चोरी, 16वां आरोपी गिरफ्तार

नरेंद्र बंजारे…….रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में लौह स्क्रैप, कोक और कोयले की संगठित चोरी करने वाले बड़े गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए गिरोह के 16वें सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हिमांशु ब्रदर्स कंपनी में कार्यरत लोडर ऑपरेटर हेमंत देवांगन (22 वर्ष), निवासी धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी हेमंत देवांगन चोरी की पूरी साजिश में अहम भूमिका निभाता था। वह रात के अंधेरे में हाईवा वाहनों में सबसे पहले लौह स्क्रैप, कोक और कोयला लोड कर उसे फ्लू डस्ट के नीचे छिपा देता था, जिससे बाहर निकलने के दौरान किसी को चोरी का संदेह न हो।
पुलिस के अनुसार गिरोह का तरीका बेहद शातिर था। भिलाई इस्पात संयंत्र से फ्लू डस्ट की लोडिंग के दौरान वाहनों के निचले हिस्से में पहले चोरी का माल रखा जाता था और उसके ऊपर फ्लू डस्ट डालकर उसे पूरी तरह ढंक दिया जाता था। इसके बाद वाहन आसानी से संयंत्र से बाहर निकल जाते थे।



