छत्तीसगढ़

सीएम विष्णुदेव साय का बस्तर दौरा, बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया हवाई निरीक्षण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बस्तर दौरे पर पहुंचे और यहां बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। सीएम ने हेलीकॉप्टर से बस्तर जिले के कई हिस्सों का हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहे। बाढ़ की स्थिति का सीधा आकलन करने के बाद मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए चल रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को तुरंत राहत सामग्री, भोजन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, सुरक्षित स्थानों पर शेल्टर और पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम ने कहा कि सरकार हर हाल में बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है और उनकी हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से कहा कि किसी भी गांव या बस्ती को सहायता से वंचित न रखा जाए। वहीं, बाढ़ से हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए टीम गठित करने और प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी तेजी से शुरू करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री का यह दौरा बस्तर संभाग में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहद अहम माना जा रहा है। उनके निरीक्षण और समीक्षा बैठक से लोगों में उम्मीद जगी है कि राहत कार्यों में तेजी आएगी और बाढ़ से जूझ रहे परिवारों को जल्द ही राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button