
ज़ोहेब खान…….रायपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ने गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन में नगर निगम के पार्षद दल की बैठक आयोजित की। इस बैठक में टैक्स वसूली के नाम पर आम जनता को परेशान करने, बढ़ते बिजली बिल, प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे में भेदभाव और रायपुर में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप जैसी गंभीर समस्याओं पर चर्चा हुई।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता बिजली बिल और टैक्स वसूली की आड़ में परेशान हो रही है। निगम कर्मचारियों द्वारा घरों में रसीद चस्पा कर दबाव बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे में भेदभाव और रायपुर में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप ने लोगों का जीवन कठिन कर दिया है।
आक्रोशित जनता के समर्थन में आंदोलन की घोषणा
गिरीश दुबे ने कहा कि नगर निगम और जिला प्रशासन भाजपा के दबाव में काम कर रहे हैं। व्यापारियों और छोटे दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के नाम पर परेशान किया जा रहा है। इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी आगामी दिनों में जोन-वार आंदोलन करेगी।
परिसीमन और मतदाता सूची में गड़बड़ियों पर भी सवाल
बैठक में वार्ड परिसीमन और मतदाता सूची की खामियों पर भी चर्चा हुई। गिरीश दुबे ने कहा कि जिला प्रशासन की लापरवाही से परिसीमन में गड़बड़ियां सामने आई हैं। मतदाता सूची में भी कई खामियां हैं, जिससे आगामी चुनाव में मतदाताओं को परेशानी हो सकती है।
बैठक में शहर अध्यक्ष के साथ पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, आकाश शर्मा और अन्य पार्षद उपस्थित रहे।
कांग्रेस करेगी जनता की लड़ाई
शहर कांग्रेस ने साफ किया कि रायपुर की जनता की समस्याओं को लेकर वह हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ने को तैयार है और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेगी।