मुख्य समाचारराजनीति

युवा कांग्रेस की मांग का असर! छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर लगा प्रतिबंध, नवाज खान बोले— “जनता और युवाओं की जीत”

ज़ोहेब खान…….रायपुर। उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नवाज खान द्वारा एनालॉग (नट्टी) पनीर पर प्रतिबंध लगाने की लगातार उठाई जा रही मांग को बड़ा समर्थन मिला है। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेशभर में एनालॉग पनीर के उपयोग और बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। इस फैसले के बाद युवा कांग्रेस ने इसे जनता के स्वास्थ्य और युवाओं की बड़ी जीत बताया है।

 

नवाज खान ने कहा कि मिलावटी और कथित रूप से स्वास्थ्य के लिए हानिकारक एनालॉग पनीर के खिलाफ युवा कांग्रेस लगातार आवाज़ उठा रही थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि जब तक इस पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा, तब तक युवा कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।

सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए नवाज खान ने कहा, “यह आम जनता और युवाओं की जीत है। हमारी लड़ाई किसी राजनीति के लिए नहीं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए थी। सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए त्वरित निर्णय लिया है, जिसके लिए हम मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं।”

उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों पर इसी तरह मुखर होकर जनता की आवाज़ उठाती रहेगी। साथ ही प्रदेश के सभी होटल संचालकों, रेस्टोरेंट संचालकों और व्यापारियों से सरकार के आदेश का पूर्ण पालन करने की अपील की।

नवाज खान ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से भी आग्रह किया कि यदि कहीं प्रतिबंध के बावजूद एनालॉग पनीर की बिक्री या उपयोग होता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और युवा कांग्रेस भविष्य में भी ऐसे जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button