ज़ोहेब खान……..रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। फर्जी सिम कार्ड के माध्यम से म्यूल बैंक अकाउंट संचालित करने वाले मुख्य आरोपी कुलदीप बागड़े उर्फ मोनू को गोंदिया, महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया है।
इस पूरे मामले की जांच रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा की जा रही है। आरोपी कुलदीप फर्जी सिम कार्ड POS एजेंटों और संवर्धकों से खरीद कर उसका उपयोग धोखाधड़ी से बैंक खातों के संचालन में करता था।
गौरतलब है कि उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के 104 म्यूल बैंक खातों के संबंध में थाना सिविल लाइन रायपुर में अपराध क्रमांक 44/25 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इन बैंक खातों में प्रयुक्त मोबाइल नंबरों की जानकारी संबंधित सिम सेवा प्रदाता कंपनियों से प्राप्त कर उनका तकनीकी विश्लेषण किया गया। पूर्व में इस मामले में 24 POS एजेंटों और सिम संवर्धकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर अब मुख्य आरोपी कुलदीप बागड़े की गिरफ्तारी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम: कुलदीप बागड़े उर्फ मोनू
पिता का नाम: महेन्द्र कुमार बागड़े
आयु: 30 वर्ष
पता: हलबी टोला, अमोरा, गोंदिया, महाराष्ट्र
आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इस पूरे ऑपरेशन का निर्देशन पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा द्वारा किया गया, जिनके निर्देश पर रेंज साइबर थाना टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर यह कार्रवाई की।
रायपुर रेंज पुलिस का यह ऑपरेशन साइबर अपराधों की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।