छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने बताया,अगले तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट किया जारी

बस्तर संभाग के सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर जिले में सोमवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव में भी झमाझम बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के बीजापुर जिले के भोपालपटनम में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और बालोद में 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। इसके चलते छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियों में तेजी आई है। उत्तरी-पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित हैं। यह सिस्टम अगले दो दिनों में दक्षिण ओडिशा, उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। इसके अलावा, एक मानसूनी ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक, सिवनी और राजनांदगांव से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।

विभाग ने नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है । जबकि धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, जांजगीर-चांपा, दुर्ग और मुंगेली जिलों में यलो अलर्ट जारी कर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है । कई जगहों पर अगले कुछ दिनों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। रायपुर में आज सुबह से ही आसमान बादलों से घिरा हुआ है और कई स्थानाें पर रुक-रुक कर बारिश हाे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button