भिलाई में फिर एक हत्या, तनावपूर्ण माहौल

भिलाई। दो दिन के भीतर शहर में दूसरी हत्या की वारदात हो गई। खुर्सीपार का मामला अभी थमा नहीं कि कोहका में हत्या से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। शनिवार की रात को सुंदर नगर कोहका में एक शख्स की बेस बॉल के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र की है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चंद्रशेखर ठाकुर (38) निवासी सुंदर नगर कोहका के रूप में हुई है। स्मृति नगर पुलिस ने बताया कि शनिवार रात को सचिन चौधरी नाम का युवक किसी लड़की से बातचीत करते खड़ा था। इस दौरान चंद्रशेखर ठाकुर का छोटा भाई युगल किशोर वहां गुजरा और उसने सचिन से यहां पर लड़की से बात करने से मना किया। इससे सचिन चौधरी बिफर गया और युगल से झगड़ा करने लगा। शोर शराबा सुनकर चंद्रशेख मौके पर पहुंचा और बीच बचाव करने लगा।
इस बीच सचिन चौधरी ने अपने भाई को फोन कर दिया। फोन करने के बाद उसका भाई गोविंदा चौधरी मौके पर बेसबॉल का डंडा लेकर पहुंच गया। इसके बाद चंद्रशेखर को बुरी तरह पीटने लगा। पिटाई के कारण चंद्रशेखर वहीं गिर गया। इसके बाद दोनों वहां से भाग गए। घटना की सूचना के बाद डायल 112 मौके पर पहुंची और चंद्रशेखर को सुपेला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों भाई फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। चंद्रशेखर और उसका भाई युगल राज मिस्त्री का काम करते हैं। सुंदर नगर में रहते हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर वहां लड़की से बात करते रात में खड़ा होता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ जो हत्या की वजह बना। वहीं हत्या की इस वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।