Zoheb khan……रायपुर। सूदखोरी, रंगदारी, मारपीट और अवैध हथियार रखने के मामलों में फरार चल रहा कुख्यात सूदखोर वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी सिंह तोमर आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। रायपुर पुलिस ने शनिवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में घेराबंदी कर वीरेंद्र तोमर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी पिछले 151 दिनों से फरार था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे सड़क मार्ग से रायपुर लेकर आ रही है। वहीं उसका भाई रोहित तोमर अब भी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वीरेंद्र सिंह उर्फ रूबी तोमर आदतन अपराधी है, जो अपने छोटे भाई रोहित और अन्य परिजनों के साथ मिलकर सूदखोरी का कारोबार करता था। वह जरूरतमंदों को कर्ज देकर मूलधन से कई गुना अधिक ब्याज वसूलता था और भुगतान न करने पर मारपीट व धमकी देता था।
आरोपी के खिलाफ उगाही, चाकूबाजी, ब्लैकमेलिंग और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
करीब पांच महीने पहले प्रॉपर्टी डीलर दशमीत चावला ने तेलीबांधा थाने में रोहित तोमर पर मारपीट और धमकी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद रोहित फरार हो गया था। उसे बचाने के लिए वीरेंद्र भी अंडरग्राउंड हो गया। पुलिस ने वीरेंद्र के घर छापा मारा तो वहां से अवैध हथियार बरामद हुए, जिसके बाद आर्म्स एक्ट का केस भी दर्ज किया गया था।
फिलहाल पुलिस फरार रोहित तोमर की तलाश में दबिशें दे रही है।
Back to top button